दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र के घोटवानी गांव में बुधवार का दिन ग्रामीणों के लिए खौफ से भरा साबित हुआ, जब एक ही दिन में दो विशालकाय अजगर अलग-अलग जगहों पर दिखाई दिए। गांव के पास खेतों के किनारे सबसे पहले ग्रामीणों ने एक बड़े अजगर को रेंगते देखा और तुरंत वन विभाग तथा 112 टीम को सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंची टीम ने सावधानी से उसे पकड़ लिया, लेकिन रेस्क्यू टीम वहां से निकल भी नहीं पाई थी कि पास के खलिहान में दूसरा अजगर दिखाई देने की खबर ने माहौल और भी तनावपूर्ण बना दिया। इस दौरान गांव के ही युवक वेदराज संतू वर्मा ने बिना घबराए स्थिति संभाली और रस्सी की मदद से अजगर को काबू में कर लिया, बाद में उसे वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया गया।
घोटवानी गांव पिछले कुछ समय से अजगरों के लगातार दिखने के कारण चर्चा में है। चारों ओर फैले जंगल और झाडिय़ों के कारण यह क्षेत्र सरीसृपों के लिए आसान आवागमन का मार्ग बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हालिया घटनाओं सहित अब तक कुल आठ अजगर यहां से रेस्क्यू किए जा चुके हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। इसी वजह से ग्रामीणों ने वन विभाग से इस इलाके की गंभीरता से जांच करने, नियमित गश्त बढ़ाने और गांव के पास अस्थायी कैंप स्थापित करने की मांग की है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
वन विभाग ने भी लोगों को चेतावनी दी है कि किसी भी जंगली जीव को खुद पकडऩे की कोशिश न करें और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में तुरंत 112 या दुर्ग वन विभाग को सूचित करें, ताकि सुरक्षित और पेशेवर तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
००००

