(नगर पंचायत क्षेत्र में विकास की संभावनाओं का लिया विस्तृत जायजा, अनेक योजनाओं को मिली नई दिशा)
धमतरी, 5 दिसम्बर(आरएनएस)। नगर पंचायत नगरी में धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अपने एक दिवसीय प्रवास में नगर के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उनकी इस पहल से नगर में नई योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास की गति को नया आयाम मिलने जा रहा है। कलेक्टर ने न केवल वर्तमान विकास कार्यों की प्रगति देखी, बल्कि भविष्य में नगर को एक मॉडल नगर पंचायत के रूप में स्थापित करने की अपनी स्पष्ट दृष्टि भी रखी। लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण — शैक्षिक सुविधा में सुधार पर जोरकलेक्टर ने सर्वप्रथम वार्ड क्रमांक 7 हाई स्कूल के पास स्थित लाइब्रेरी भवन का जायजा लिया। उन्होंने लाइब्रेरी के रख-रखाव, पुस्तक उपलब्धता, विद्यार्थियों की संख्या तथा अध्ययन कक्ष की सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लाइब्रेरी को और सुसज्जित बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।वार्ड 12 में प्रस्तावित बस स्टैंड हेतु भूमि का अवलोकननगरवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 12 में नए बस स्टैंड निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र का सीमांकन, यातायात सुगमता, यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।हाई स्कूल मैदान में खिलाडिय़ों हेतु व्यवस्था पर विशेष ध्याननगरी के युवा खिलाडिय़ों की सुविधा को देखते हुए कलेक्टर ने हाई स्कूल मैदान का दौरा किया। उन्होंने मैदान में लाइट व्यवस्था, खेल उपकरणों, ग्राउंड लेवलिंग और खिलाडिय़ों के अभ्यास की आवश्यकता पर जोर दिया। कलेक्टर ने नगर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बॉक्स क्रिकेट निर्माण जल्द करने की बात कही सीएमओ यशवंत वर्मा एवं उप कार्यपालन अभियंता परमेश ध्रुव को शासन से राशि आवंटन हेतु तुरंत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, ताकि खिलाडिय़ों को बेहतर व आधुनिक सुविधाएँ मिल सकें।गायत्री मंदिर परिसर के पास सर्वसुविधायुक्त चौपाटी निर्माण का प्रस्तावनगर पंचायत द्वारा प्रस्तावित नगर चौपाटी हेतु कलेक्टर मिश्रा ने गायत्री मंदिर के समीप स्थित स्थान का निरीक्षण किया। स्थान को उपयुक्त बताते हुए उन्होंने नगर में बेहतरीन व्यंजन एवं पारिवारिक मिलन, विद्यार्थियों के लिए कैंटीन व छोटे व्यापारियों के लिए यह चौपाटी अत्यंत उपयोगी होने की बात कही। उन्होंने जल्द ही शासन से आवश्यक निधि की मांग कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।कलेक्टर अविनाश मिश्रा की सोच—नगरी को विकसित और आदर्श नगर बनानाकलेक्टर अविनाश मिश्रा पदभार ग्रहण करने के बाद से ही नगरी को विकसित नगर पंचायत के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि नगरी में शिक्षा, खेल, परिवहन, व्यापार और सांस्कृतिक गतिविधियों की अपार संभावनाएँ हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा सकता है।नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने नगर में 5 साल के विकास कार्य का रोड मैप रखानगरी नगर पंचायत के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा लगातार विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कलेक्टर के दौरे के दौरान उन्होंने सभी परियोजनाओं की जानकारी दी और नगर के लिए जरूरी मांगों को रखा। कलेक्टर ने उनकी पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है।जनता में उत्साह, विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदेंकलेक्टर के इस व्यापक निरीक्षण से नगरवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि शासन, प्रशासन और स्थानीय निकायों के सहयोग से नगरी आने वाले समय में एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित होगी।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

