सुकमा, 05 दिसंबर (आरएनएस)। सुकमा के कोतवाली थानाक्षेत्र मेेंं गुरूवार रात दुर्गा ज्वेलर्स में हुई लूट के मामले में शामिल तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है,और उनकी निशानदेही पर लूटे गये करीब 12 लाख रुपये के आभूषण, पिस्टल, चाकू, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद किए गए है। इस लूटकांड का मास्टरमाइंड सुकमा निवासी अंकित राय है, जिसने मध्यप्रदेश से अपने साथियों को बुलाकर पूरी योजना तैयार की थी।
बता दें कि 4 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे जिला सुकमा के थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सुकमा मेन रोड स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में नकाबपोश आरोपी लूट की नीयत से दुकान में घुसे। आरोपियों ने दुकानदार को पिस्टल दिखाकर आभूषण लूटे और भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी को लूटे गए आभूषण सहित मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फ ायदा उठाकर फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही सुकमा पुलिस अधीक्षक तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरी घटना का निरीक्षण किया। उन्होंने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस दल गठित कर तत्काल और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं जिले के सभी बाहरी प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी की गई और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जाती रही। सुकमा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सघन तलाश अभियान के दौरान घटना के मात्र तीन घंटे के भीतर लूट में शामिल सभी आरोपियों को लूटे गए आभूषण और हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस ने कोमल सिंह (22 वर्ष) जिला भिंड मध्यप्रदेश आर्यन रैपुरिया (24 वर्ष) जिला भिंड मध्यप्रदेश तथा अंकित राय (18 वर्ष) सुकमा छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया है।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

