रायपुर, 05 दिसंबर (आरएनएस)। अग्रवाल समाज के महापुरुष अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के आराध्य झूलेलाल पर विवादित बयान देने के बाद फरार छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने शुक्रवार को देवेंद्र नगर थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया हैं। अमित बघेल के सरेंडर करने की खबर पर थाना के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई है। अमित बघेल को देवेंद्र नगर पुलिस ने गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने बघेल को तीन दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार क्रांति सेना घासीदास प्लाजा से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालेगी। सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
बता दें कि अग्रवाल समाज के महापुरुष अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के आराध्य झूलेलाल पर विवादित बयान देने के बाद पूरे प्रदेश में अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इधर चौतरफा विरोध होने तथा एफआईआर दर्ज होने के बाद अमित बघेल फरार हो गये थे जिन्हें पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही भगोड़ा घोषित किया था। साथ ही उनकी जानकारी देने वाले पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इन सब के बीच अमित बघेल ने शुक्रवार को सरेंडर करने की घोषणा की थी और सरेंडर करने वह देवेंद्र नगर पुलिस थाना पहुंचने ही वाला था कि उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से अमित को तीन दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया गया। इससे पूर्व अमित बघेल के समर्थकों ने थाने के सामने जमकर नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि अमित बघेल ने अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने पैतृक गांव पथरी जाने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस कस्टडी में रहते हुए अमित अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

