मेरठ 5 दिसंबर (आरएनएस )। कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के एक निजी स्कूल की छात्राओं का स्कूल आना जाना मनचलों ने मुश्किल कर दिया है। चौराहे पर खड़ा होने वाला 25 युवकों का ग्रुप उन्हें रास्ते में परेशान करता है। ये मनचले छात्राओं पर जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते हैं। छेड़छाड़ से तंग कई छात्राएं कॉलेज जाने से डरने लगी हैं। छात्राओं ने बृहस्पतिवार को कॉलेज प्रधानाचार्य और प्रबंधक से इसकी शिकायत की। इसके बाद बाद प्रधानाचार्य और प्रबंधक ने कंकरखेड़ा थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी और मनचलों पर कार्रवाई की मांग की।
स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने थाने में बताया कि एक महीने से युवकों का ग्रुप स्कूल शुरू होने और अवकाश के बाद रास्ते में खड़े होकर आती-जाती छात्राओं को तंग करता है। आरोपी छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करते हैं। उनका पीछा कर दोस्ती का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार व गाली गलौज करते हैं।
प्रबंधक ने बताया कि उनके स्कूल से 200 मीटर पहले एक मुख्य चौराहा है। इसी चौराहे के आसपास युवकों का ग्रुप खड़ा होता है। इसमें लगभग 25 युवक हैं। कुछ तो छात्राओं का पीछा भी करते हैं। इस वजह से छात्राएं परेशान हैं। उनके स्कूल में करीब 1500 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। सीनियर कक्षाओं की छात्राओं को ये युवक परेशान करते हैं। प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने प्रबंधक को मनचलों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शहर में अन्य स्थानों पर भी खड़े होते हैं मनचले
हाल ही में छात्राओं ने भी शहर के कुछ स्थानों पर मनचलों के छेड़छाड़ करने की जानकारी दी थी। छात्राओं ने बताया था कि टीपीनगर, ब्रह्मपुरी, बिजली बंबा बाईपास, बागपत अड्डा, गंगानगर, वेस्ट एंड रोड पर भी मनचले खड़े रहते हैं। ये आने जाने वाली छात्राओं को परेशान करते हैं।
सिविल ड्रेस में पुलिस पहचान कर करेगी कार्रवाई : सीओ
शुक्रवार से पुलिस की दो टीमें वर्दी व सिविल ड्रेस में स्कूल के बाहर खड़ी होकर ऐसे मनचलों की पहचान कर कार्रवाई करेंगी। स्कूलों में छुट्टी के समय पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। राह चलते छात्राओं के साथ गलत हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
परतापुर में भी छात्राओं ने छोड़ा था स्कूल जाना
पिछले माह परतापुर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में छात्राओं से छेड़छाड़ की शिकायत मिली थी। कुछ छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। इसकी जानकारी पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ था। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने स्वयं परतापुर थाने पर पहुंच कर बैठक ली थी। उनके निर्देश पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना टीम के साथ कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने शिक्षकों और छात्राओं से बात की थी। साथ ही कॉलेज परिसर व आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

