मेरठ 5 दिसंबर (आरएनएस )। जिला सैनिक कल्याण एवं पुर्नावास, अधिकारी कैप्टन (आई.एन)राकेश शुक्ला(अ0प्रा0) ने सैनिक कल्याण बोर्ड मेरठ जिले के सभी सम्मानित नागरिकों से निवेदन किया है कि 07 दिसम्बर को प्रात: 10:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच सैनिक बोर्ड कार्यालय आकर सशस्त्र बल झंडा दिवस पर अपना योगदान दें और उन वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें जो हर मौसम, हर परिस्थिति और हर खतरे के बीच हमारी सुरक्षा के लिए दिन-रात डटे रहते हैं। जब हम अपने घरों में निश्चिंत होकर सोते हैं, तब कोई जवान बर्फीली चौकी पर हमारी नींद की रखवाली करता है। जब हम अपने परिवारों के साथ हँसते-बोलते हैं, तब कोई सैनिक अपने ही परिवार को दूर से याद कर रहा होता है, और जब देश में कहीं भी बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, चक्रवात या कोई भी राष्ट्रीय आपदा आती है, तो भारतीय सशस्त्र बल सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्यों में उतरकर अनगिनत जीवन बचाते हैं और ऐड टू सिविल पॉवर के माध्यम से नागरिक प्रशासन को अद्वितीय सहयोग प्रदान करते हैं। हमारे सैनिक बाहरी खतरों, घुसपैठ, आतंकवाद और आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से ही नहीं, बल्कि आंतरिक संकटों में भी राष्ट्र की सबसे विश्वासपूर्ण ढाल बनकर खड़े रहते हैं।
झंडा दिवस वह अवसर है जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्ररक्षा में लगे शहीदों, युद्ध घायलों, विकलांग सैनिकों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों से यह कहने का प्रयास करता है कि Óदेश आपका ऋणी है और सदा रहेगा। वर्ष 2022 और 2023 में मेरठ में योगदान के नए कीर्तिमान स्थापित हुए और विशेष रूप से डॉ. शैल्य राज, सी0 ई0 ओ0 सुभारती द्वारा दोनों वर्षों में सैनिक बोर्ड के इतिहास का सर्वाधिक योगदान देकर यह प्रदर्शित किया गया कि जब किसी में संसाधन और संवेदना दोनों होते हैं, तो वह समाज में प्रेरणा का स्तंभ बन जाता है।
यह भी मेरठ का गौरव है कि 2023 में जिले ने पूरे उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक योगदान कर प्रथम स्थान प्राप्त कियाय अब यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस परंपरा को और ऊँचाई दें, और विशेष रूप से सम्पन्न व्यवसायिक समुदाय अपने सामाजिक दायित्व का निर्वाह करते हुए दृढ़ संकल्प के साथ आगे आए। सैनिक बोर्ड परिसर में स्थापित विशेष सेल्फी स्टैंड पर योगदान के उपरांत फोटो लेकर आई आल्सो कन्ट्रीब्यूट टू दा आम्र्ड फोर्सेज संदेश साझा करें ताकि और लोग भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की प्रेरणा पाएँ। सैनिक कल्याण बोर्ड मेरठ सभी नागरिकों से भावपूर्ण अपील करता है कि इस झंडा दिवस पर हम सब मिलकर अपने वीर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति वह सम्मान और कर्तव्य निभाएँ जो सदैव हमारा नैतिक ऋण बना रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

