लखनऊ 5 दिसंबर (आरएनएस ) के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में 74 वर्षीय नीलिमा श्रीवास्तव की हत्या कर घर में चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी की क्राइम टीम, सर्विलांस टीम और थाना जानकीपुरम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। यह मामला 3 दिसम्बर को सामने आया था, जब मृतका के भाई प्रदीप श्रीवास्तव ने अपनी बहन की हत्या की सूचना पुलिस को दी थी। शिकायत के आधार पर थाना जानकीपुरम में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और विवेचना शुरू हुई।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर 5 दिसम्बर को पुलिस टीम ने सलीम तिराहा से तीनों आरोपियों—जितेन्द्र मिश्रा, दीपक कुमार उर्फ दीपू और सुशील कुमार—को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों में जितेन्द्र मिश्रा पूजा-पाठ का काम करता था और मकान संख्या 218, सेक्टर ढ्ढ, जानकीपुरम में रहता था, जहां दीपक और सुशील बतौर नौकर कार्यरत थे। जांच में पता चला कि तीनों ने मिलकर वृद्ध महिला के घर में सोना-चांदी व नकदी होने की जानकारी जुटाई और चोरी की योजना बनाई। जितेन्द्र ने पूछताछ में स्वीकार किया कि 2 दिसम्बर को वह मौका पाकर महिला के घर में घुस गया और कमरे में तख्त के नीचे छिप गया। रात में जब महिला सो गई तो उसने अलमारी व बक्से खोलने शुरू किए, तभी महिला जाग गई और उसने आरोपी को पहचान लिया। पकड़े जाने के भय से जितेन्द्र ने महिला का मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने घर की तलाशी ली लेकिन उसे अधिक कीमती जेवर नहीं मिले। घर में मौजूद कुछ चूडिय़ाँ, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, पर्स और 873 रुपये नकद को वह एक बोरी में भरकर रात में चुपके से वहां से निकल गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से प्लास्टिक बोरी में रखा जूट बैग, पीली धातु की चूडिय़ाँ, आर्टिफिशियल कंगन, कान का झाला, टप्स, कुल छह लेडीज हैंड पर्स, दो ज्वैलर्स पर्स, एक लाल चेकदार शर्ट, एक कत्थई-क्रीम रंग का स्वेटर और 873 रुपये बरामद किए हैं।साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धाराएँ बढ़ाते हुए अब आरोपियों पर बीएनएस की धारा 331(8), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्तालय की क्राइम टीम, सर्विलांस टीम और थाना पुलिस की संयुक्त मेहनत से इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा 48 घंटे के भीतर कर लिया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

