लखनऊ 5 दिसंबर (आरएनएस ) के अमीनाबाद और कैसरबाग क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति की शुक्रवार सुबह नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्थलीय समीक्षा की। दोनों स्थलों पर उन्होंने कार्य की गति, गुणवत्ता और आवश्यक सुविधाओं को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों।निरीक्षण की शुरुआत अमीनाबाद स्थित घंटाघर पार्किंग परियोजना से हुई। नगर आयुक्त ने वहां निर्माण प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग निर्माण हर हाल में तय समय तक पूर्ण हो, ताकि बाजार क्षेत्र में लंबे समय से बनी पार्किंग समस्या से लोगों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने निर्माण स्थल पर पड़े सीएनडी वेस्ट को तत्काल हटाने और समग्र सफाई सुनिश्चित कराने का भी आदेश दिया।अमीनाबाद बाजार में वाहन पार्किंग की समस्या वर्षों से एक बड़ी चुनौती रही है। इसी समस्या के समाधान के लिए वित्त और संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने घंटाघर पार्किंग निर्माण और आस-पास के सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए थे। नगर निगम इन्हीं निर्देशों के अनुरूप परियोजना को तेज गति दे रहा है।अमीनाबाद के बाद नगर आयुक्त कैसरबाग स्थित चकबस्त पार्किंग परियोजना के निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहाँ उन्होंने परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए, ताकि रात्रि में पार्किंग का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने परिसर में शेष निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।चकबस्त पार्किंग परियोजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा को विशेष रूप से निर्देशित किया कि पार्किंग भवन की ऊंचाई और अन्य संरचनात्मक बिंदुओं पर एएसआई (पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग) से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएँ जल्द पूरी की जाएं।चकबस्त पार्किंग एक भूमिगत परियोजना है, जिसकी क्षमता बढ़ाने पर नगर निगम विचार कर रहा है। निगम का मानना है कि क्षमता बढऩे से कैसरबाग और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और पार्किंग व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

