बिलासपुर, 05 दिसंबर (आरएनएस)। बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर बर्थडे सेलिब्रेशन कर आवागमन बाधित करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता कि पुत्र समेत 12 युवको को गिरफ्तार कर तीन कारे जब्त की गई है। मामला बुधवार देर रात का है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात हाईवे पर तीन लग्जरी कारें खड़ी कर करीब दर्जनभर युवकों ने जमकर हंगामा किया। कार के बोनट पर केक रखा गया, तेज आवाज में संगीत बजाया गया और केक कटिंग से पहले हाईवे पर ही आतिशबाजी की गई। इस दौरान हाईवे पर गुजर रहे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई मिनटों तक बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे को अवरुद्ध करने वाले सभी 12 युवकों को हिरासत में लिया। बर्थडे सेलिब्रेशन में शामिल युवकों से पूछताछ के दौरान पता चला कि बर्थडे कांग्रेस नेता के बेटे सुजल देवांगन का था और उसके साथ सागर मनचंद, राजवीर हुरा, प्रिंस गागवानी, साहिल सचदेव, उत्कर्ष खरे, मुस्तफा लक्ष्मीधर, पीयूष जायसवाल, पीयूष शिवहरे, रोशन मंगलानी, पल आहुजा, शुभम साहू शामिल थे। पुलिस ने तीन वाहन भी जब्त कर लिया है और युवकों के खिलाफ कड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी युवक रसूखदार परिवार से है। मामले में पुलिस का कहना है कि युवकों ने न केवल हाईवे जाम किया बल्कि सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से आतिशबाजी कर राहगीरों की जान खतरे में डाली। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में युवकों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं 119/177 और 122/177 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही तीनों गाडिय़ों को जब्त कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। साथ ही घटना के बाद पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की सिफ ारिश करते हुए पूरी रिपोर्ट आरटीओ को भेज दी है। विभाग जल्द ही इस संबंध में आगे की कार्रवाई करेगा।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

