आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पाही जमीन पाही गांव में बुधवार (4 दिसंबर) शाम पटाखा बनाते समय हुए भीषण विस्फोट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि युवक का दाहिना हाथ फट गया, चेहरा झुलस गया और जीभ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल युवक की पहचान चंदन चौहान, पुत्र स्वर्गीय बजरंगी चौहान, निवासी पाही जमीन पाही, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंदन अपने एक साथी के साथ प्राथमिक विद्यालय के पास अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा था। इसी दौरान साथी के द्वारा माचिस जलाने पर युवक के हाथ में रखा विस्फोटक पदार्थ अचानक फट गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चंदन को ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई गई। देर रात तक चले उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज अब खतरे से बाहर है, हालांकि उसका हाथ, चेहरा और जीभ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं।
घटना के संबंध में मुबारकपुर पुलिस का कहना है कि यह हादसा पटाखा बनाने के दौरान हुआ है। अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

