० मलेरिया संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज
० मितानिनों ने ली जागरूकता बढ़ाने की शपथ
सुकमा, 5 दिसम्बर (आरएनएस)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने गुरुवार को जिले के दूरस्थ वनांचल में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र मनकापाल का फील्ड निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला मलेरिया सलाहकार राजेश्वरी पी., आईडीएसपी जिला डाटा प्रबंधक वेदप्रकाश साहू तथा ब्लॉक वीबीडीटीएस मालती नेताम मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा मलेरिया संवेदनशील क्षेत्रों मनकापाल, पोरदेम, गुफड़ी एवं चिरमुर की मितानिनों की संकुल बैठक आयोजित की गई। बैठक में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को सफल बनाने में मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया तथा जन-जन में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। सीएमएचओ डॉ. सिंह ने मितानिनों को मलेरिया, उल्टी-दस्त, संस्थागत प्रसव, टीबी, कुष्ठ, मोतियाबिंद सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही समय पर रिपोर्टिंग, मितानिन दवा पेटी में उपलब्ध दवाइयों के उपयोग, तथा मलेरिया स्लाइड तैयार करने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना तथा मलेरिया उन्मूलन अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

