दतिया 5 दिसंबर (आरएनएस)।कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा आज शुक्रवार को इंदरगढ़ क्षेत्र का भ्रमण किया गया। जहां उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थानों में मूलभूत सुविधओं का जायजा लिया व प्रगतिरत निर्माण कार्यो की गुणवत्ता का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
सर्वप्रथम उन्होंने संदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय भवन निर्माण कार्य में विलंब के चलते उन्होंने नाराजग़ी जाहिर करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद कर पढ़ाई, शिक्षकों की उपलब्धता और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने बालिकाओं से चर्चा कर छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और बेहतर माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर वानखड़े ने इंदरगढ़ मंडी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी सचिव को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। व्यापारियों द्वारा किसी तरह की मनमानी पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसानों को भीड़ से राहत देने और समय पर तुलाई सुनिश्चित करने के लिए टोकन व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। सोमवार एवं मंगलवार को किसानों की भीड़ अधिक रहती है, इसलिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने के आदेश दिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जितनी गेट पास एंट्री होगी, उतनी ही बोलियां लगाना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
मंडी निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि मुख्य बाज़ार क्षेत्र में सड़क के किनारे फैले अतिक्रमण को हटाने से पूर्व एक बैठक कर व्यापारियों को समझाइश दी जाए। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर जुर्माने सहित कानूनी कार्यवाही की जाए।
इसके उपरांत कलेक्टर वानखड़े खड़ौआ के मिडिल स्कूल पहुंचे। जहां उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के साथ बैठकर बच्चों के लिए बने मध्यान्ह भोजन का आनंद लिया।

