महासमुंद, 05 दिसंबर (आरएनएस)। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में महासमुंद जिले में अवैध मदिरा भंडारण और विक्रय पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इस क्रम में जिले के आठ आबकारी वृत्तों में नवम्बर 2025 में आबकारी विभाग द्वारा सतत कार्रवाई की गई। आबकारी अधिकारी सुनील सूर्यवंशी ने बताया कि विभाग के प्रभारी अधिकारियों ने नियमित गश्त और दबिश के दौरान छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 163 प्रकरण दर्ज किए, जिनमें धारा 34(2) के तहत 19 गैर-जमानती प्रकरण भी शामिल हैं। कई अवैध मदिरा भंडारण केंद्रों और विक्रय स्थलों पर छापेमारी की गई, जिसमें देशी एवं विदेशी मदिरा, महुआ मदिरा और ओडिशा से लाई गई मदिरा कुल 381.40 लीटर जब्त की गई। इसके अलावा 1900 किलोग्राम महुआ लाहन भी जप्त किया गया। जप्त मदिरा और लाहन का कुल बाजार मूल्य लगभग 2 लाख 80 हजार 907 रुपए आंका गया है। अवैध मदिरा पर प्रभावी नियंत्रण और शिकायत प्रणाली महासमुंद जिले में आबकारी अपराधों पर नियंत्रण और प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रशासन ने त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली को और मजबूत किया है। नागरिक किसी भी अवैध मदिरा के भंडारण, निर्माण या विक्रय की सूचना जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07723-299317 और राज्य स्तरीय टोल फ्र ी नंबर 14405 पर दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा अब लोग मनपसंद ऐप के माध्यम से भी शिकायतें ऑनलाइन भेज सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह व्यवस्था अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने में मदद करेगी और जिले में शराब व शराब संबंधित अपराधों को कम करने में सहायक होगी। प्रशासन की सतत निगरानी आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा एवं महुआ लाहन की बिक्री और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गश्त और आकस्मिक छापेमारी के माध्यम से विभाग ने अवैध गतिविधियों को रोकने में सफलता हासिल की है। कलेक्टर श्री लंगेह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए और अवैध मदिरा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अवैध मदिरा और महुआ लाहन के किसी भी प्रकार के कारोबार की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं। इस कदम से महासमुंद जिले में अवैध मदिरा पर नियंत्रण बढ़ाने और शराब संबंधित अपराधों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

