बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपने अभिनय से हमेशा दर्शकों का दिल जीतते आए हैं। खासतौर पर नेटफ्लिक्स की सीरीज मिर्जापुर में कालीन भैया के किरदार के लिए उन्हें खूब सराहना मिली है। अब पंकज ने निर्माता के क्षेत्र में सफल शुरुआत की है। पिछले महीने ही उनकी कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज परफेक्ट फैमिली को सीधे यूट्यूब पर जारी किया गया था। इस सीरीज ने कुछ ही दिनों में दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल कर लिया है, जिससे अभिनेता काफी गदगद हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वेब सीरीज परफेक्ट फैमिली पिछले महीने 27 नवंबर को यूट्यूब पर स्ट्रीम हुई थी। कम समय में सीरीज को 20 लाख से ज्यादा व्यूज हासिल हो गए हैं। शो ने न सिर्फ दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई, बल्कि इसे समीक्षकों की जबरदस्त प्रशंसा हासिल हुई है। इसी प्यार के बदौलत परफेक्ट फैमिली को आईएमडीबी पर 9.2 की शानदार रेटिंग दी गई है। यह भारत की पहली लंबी अवधि वाली सीरीज है।
परफेक्ट फैमिली की सफलता पर पंकज ने कहा, दर्शकों ने परफेक्ट फैमिली को जिस गर्मजोशी और उत्साह से दिखाया है, उससे मैं बेहद खुश हूं। इस सीरीज को प्रस्तुत करने का मेरा फैसला टीम के प्रति मेरी प्रशंसा और एक ईमानदार, हास्यपूर्ण, भावनात्मक और रोजाना की जिंदगी से जुड़ी कहानी कहने की उनकी प्रतिबद्धता से आया है। बता दें कि यूट्यूब पर मौजूद परफेक्ट फैमिली के पहले 2 एपिसोड मुफ्त हैं, जबकि अन्य एपिसोड के लिए 59 रुपये देने होंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

