बलौदाबाज़ार , 06 दिसंबर (आरएनएस)। बलौदाबाजार में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने एक ही दिन में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2052 कट्टे धान जब्त किया है।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी शुरू होते ही अवैध भंडारण और परिवहन करने वाले बिचौलियों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने अपनी निगरानी तेज करते हुए शुक्रवार को एक ही दिन में पांच स्थानों पर बड़ी छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान 2052 कट्टे (लगभग 820.8 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया, जिसे अब तक की सबसे बड़ी एक-दिवसीय कार्रवाई बताया जा रहा है।
इस संयुक्त अभियान में विभिन्न तहसीलों से अवैध धान पकड़ा गया :
भाटापारा – अमित चावल उद्योग से गगनदीप पोहा मिल ले जाए जा रहे 800 कट्टे अवैध धान को जब्त किया गया।
सोनाखान (ग्राम बया) – विकास ट्रेडर्स पर दबिश दी गई और वहां से लगभग 850 कट्टे पुराना अवैध धान जब्त किया गया।
पलारी – ग्राम ओड़ान स्थित दिनेश चंद्राकर के गोदाम से 305 कट्टे और कबीर ट्रेडर्स, भवानीपुर से 46 कट्टे जब्त किए गए।
बलौदाबाजार – मुलशंकर ट्रेडर्स, पनगांव से भी 51 कट्टे अवैध धान की जब्ती हुई।
प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से 5 दिसंबर तक जिले में कुल 70 प्रकरणों में 2664.54 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।
प्रशासन की इस सख्त और निरंतर निगरानी के कारण धान के अवैध कारोबार में लिप्त कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप की स्थिति है। जिले के सभी चेक पोस्टों पर भी वाहनों की सघन जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई धान खरीदी सीजन समाप्त होने तक लगातार जारी रहेगी।
लोकेश
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

