प्रयागराज,06 दिसंबर (आरएनएस)। धूमनगंज थाने में हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साइट सोर्सिंग प्रबंधक ने 20.41 लाख रुपये के गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि एटीएम संचालन के लिए जौनपुर के मुजार बड़ेरी निवासी जावेद अहमद व मास्टर फ्रैंचाइज आदर्श पेमेंट सर्विस के वाराणसी चोलापुर निवासी प्रोपराइटर भूपेंद्र सिंह ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत गबन किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धूमनगंज प्रीतम नगर के एडीए कॉलोनी निवासी रवि दुबे ने बताया कि वह हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में साइट सोर्सिंग प्रबंधक पद पर कार्यरत हैंं। नौ अगस्त 2024 को कंपनी ने एटीएम संचालन के लिए जौनपुर के मुजार बड़ेरी निवासी जावेद अहमद के साथ एक सेवा अनुबंध किया था। अनुबंध के तहत 10 सितंबर 2024 को 1.50 लाख की प्रारंभिक राशि जावेद को करेली के एक्सिस बैंक की शाखा में एक्सिस इंडेंट के माध्यम से दी गई। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार और भी राशि ट्रांसफर की जाती रही। इसी क्रम में धूमनगंज के साकेत नगर एनसीआर कॉलोनी में स्थित एटीएम के संचालन के लिए 12 मार्च 2025 को कंपनी ने जावेद अहमद को कुल 27,64,500 रुपये की राशि प्रदान की जिसका उद्देश्य सिर्फ एटीएम का संचालन था। आरोप है कि जावेद ने इस राशि का उपयोग न तो एटीएम संचालन में किया और न ही अनुबंध के तहत इसका लेखाजोखा प्रस्तुत किया।
कंपनी की ओर से बार-बार संपर्क करने के बावजूद सिर्फ 7.23 लाख की राशि ही एटीएम में उपयोग की गई। शेष 20,41,500 रुपये अब तक बकाया हैं। यह राशि कंपनी की संपत्ति है जिसे कंपनी के निर्देशानुसार वापस लौटाना अनिवार्य था लेकिन जावेद ने सेवा अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करते हुए इस राशि को वापस नहीं किया। इस षड्यंत्र में भूपेंद्र सिंह की संलिप्तता भी पाई गई है। आरोप है कि राशि वापस मांगने पर कहा गया कि 10 लाख रुपये मेरे पास हैं जो करना हो कर लो।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

