प्रयागराज,06 दिसंबर (आरएनएस)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार और बेकाबू ऑटो ने एक बोलेरो गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसके शीशे टूट गए। बताया जाता है? कि ऑटो चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। उसी दौरान सड़क से गुजर रही बोलेरो उसकी चपेट में आ गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल बोलेरो गाड़ी ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर धनुपुर, हंडिया, डॉ. कंचन यादव की थी। गनीमत रही कि वह इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। हादसे के समय वह गाड़ी में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। वहीं, ऑटो चालक को कांच टूटने से मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार ऑटो चालक नशे की हालत में था। सूचना पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी राम आश्रय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें नशे की पुष्टि होने की बात कही जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

