लखनऊ,06 दिसंबर (आरएनएस)। थाना चिनहट क्षेत्र के देवा रोड स्थित पोलो हॉस्पिटल के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी, गणेशपुर, रहमानपुर, मटियारी निवासी मिथिलेश यादव की मौत हो गई। घटना के समय मिथिलेश पैदल किसी कार्य से धावा की ओर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह वाहन के नीचे जा गिरे और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दीपक कुमार पाण्डेय अपने हमराह उपनिरीक्षक कपिल कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी और होमगार्ड प्रताप के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने सड़क किनारे पड़े शव को देखा, जिसके हाथ-पैर सहित पूरे शरीर पर गंभीर चोटें थीं। दुर्घटना की तीव्रता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का चेहरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर मृतक की पहचान मिथिलेश यादव के रूप में की गई। कुछ देर बाद मृतक के पुत्र सचिन भी घटना स्थल पर पहुंच गया, जो नौबस्ता के पास एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। उसने भी शव की पुष्टि अपने पिता के रूप में की, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस टीम द्वारा मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम हेतु केजीएमयू भेजा जा रहा है। सड़क हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे ष्टष्टञ्जङ्क कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी आवश्यक साक्ष्यों का संग्रह किया जा रहा है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने देवा रोड पर बढ़ती रफ्तार और हादसों पर चिंता व्यक्त की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

