लखनऊ,06 दिसंबर (आरएनएस)। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर समाजवादी पार्टी ने आज प्रदेश के हर जनपद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसी क्रम में हजरतगंज स्थित अम्बेडकर प्रतिमा पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पुष्पांजलि अर्पित की।अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखे संदेश में भारतरत्न डॉ. अम्बेडकर को भारतीय संविधान का महान शिल्पकार, सामाजिक न्याय का अग्रदूत बताते हुए उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संघर्ष और चिंतन भारत की लोकतांत्रिक संरचना की मूल धुरी है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को अनुमति न देकर बाबा साहेब के साथ-साथ सम्पूर्ण पीडीए समाज का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि यह वर्चस्ववादी सोच और अहंकार का प्रदर्शन है, जो बहुजन समाज को उसके महापुरुषों के कार्यक्रम आयोजित करने का हक भी नहीं देना चाहती। अखिलेश ने स्पष्ट कहा कि आज का जागरूक पीडीए समाज दमन से दबने वाला नहीं है और इस प्रकार के कदम समाज को पीछे ले जाने वाले हैं।
राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक गौरव रावत, पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, पूर्व विधायक आशा किशोर, कृष्ण कन्हैया पाल, रामकरन निर्मल, सीएल वर्मा, डॉ. राजवर्धन सिंह जाटव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इधर, लखनऊ जनपद के मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। काकोरी ब्लॉक के ग्राम चौखड़ी खेड़ा में सपा नेत्री विजयश्री गौतम के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बाबा साहेब को मोमबत्ती जलाकर याद किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने लोकतंत्र की रक्षा करने और एसआईआर के तहत अपना वोट बढ़ाकर संविधान को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस मौके पर इशांक गाज़ी, दशरथ यादव, निखिल गौतम, राहुल यादव, मोइन खान, गुरु दीन प्रधान, अतुल गौतम सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।समाजवादी पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में आयोजित इन कार्यक्रमों में बाबा साहेब के विचारों, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की भावना को दोहराया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

