लखनऊ,06 दिसंबर (आरएनएस)। राजधानी लखनऊ के थाना आलमबाग पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मात्र 10 घंटे के भीतर चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने इस मामले में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर घटना में चोरी हुआ पूरा सामान और नगदी बरामद कर ली। दीवार काटकर की गई इस घटना का इतनी तेजी से अनावरण होने पर स्थानीय नागरिकों ने पुलिस टीम की खुलकर प्रशंसा की।यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर, अपर पुलिस उपायुक्त मध्य जितेन्द्र दुबे तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज के नेतृत्व में गठित टीम ने निरंतर प्रयास कर न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि चोरी की रकम और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी सुरक्षित बरामद कर लिए।घटना 05 दिसंबर 2025 की है, जब वादी ने सूचना दी कि तालकटोरा रोड स्थित उसकी दुकान ‘सत्यम स्टोरÓ की पिछली दीवार काटकर अज्ञात चोरों ने लगभग 30,000 रुपये नगद, कैमरे का डीवीआर और एक वीवो मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इस सूचना पर थाना आलमबाग में बीएनएस की धारा 305(ए)/331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने रात-दिन जांच शुरू की और मुखबिर की सटीक सूचना पर 06 दिसंबर को देर रात 00:43 बजे सी एंड डब्ल्यू रोड, आलमबाग से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में अमित, आकाश, यश चौहान और शुभम शामिल हैं, जिनकी उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है और सभी लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना से संबंधित 29,559 रुपये नगद, एक डीवीआर और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।इस पूरी कार्रवाई में थाना आलमबाग पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज के साथ उपनिरीक्षक सुनील मोतला, अंकित कुमार चौहान, धीरज यादव, संदीप कुमार, इसरार अहमद खां, मुरलीधर मिश्रा और कांस्टेबल अंकित कुमार, सचिन तथा विवेक यादव शामिल रहे। पुलिस टीम के इस तेज और प्रभावी कार्य ने एक बार फिर यह साबित किया है कि लखनऊ पुलिस अपराधों के खिलाफ सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

