लखनऊ,06 दिसंबर (आरएनएस)। थाना माल क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम अमलोली स्थित एक बाग में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने की सूचना फैली। मृतक की पहचान छोटू उर्फ महेन्द्र गुप्ता, निवासी ग्राम राजगढ़, के रूप में की गई है, जो शुक्रवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह पकड़ा बाज़ार गांव की ओर जा रहा है और इसके बाद वापस नहीं लौटा।परिजनों के अनुसार, मृतक के भाई सर्वेश ने थाना माल में लिखित सूचना दी थी कि उसका भाई बीती रात से लापता है और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। इसी दौरान शनिवार सुबह ग्राम अमलोली के एक बाग में अज्ञात युवक का शव मिलने की खबर आई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की पहचान छोटू उर्फ महेन्द्र के रूप में की।सूचक सर्वेश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके भाई की हत्या ग्राम देवरी गजा निवासी शुभम पुत्र रामकुमार और उसके चार अज्ञात साथियों ने की है। आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर महेन्द्र को ज़हर पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई।सर्वेश द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना माल पर मुकदमा अपराध संख्या 328/25, धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) के तहत शुभम और चार अज्ञात साथियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य नामजद आरोपी शुभम को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपितों की पहचान के प्रयास जारी हैं। थाना माल पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत के साथ तनाव का माहौल है। पुलिस इसे संवेदनशील मामला मानकर हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

