कूरेभार सुलतानपुर,06 दिसंबर (आरएनएस)। अयोध्या से प्रयागराज जा रही तीर्थ यात्रियों से भरी बस कूरेभार थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंफर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में जलगांव (महाराष्ट्र) से आए तीर्थ यात्रियों में से 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया तथा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सुलतानपुर चिकित्सा महाविद्यालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. मिश्रा मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।
कूरेभार थाना अध्यक्ष ने हादसे में एक महिला तीर्थ यात्री की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। वहीं पुलिस व प्रशासनिक टीमें मौके पर मौजूद रहकर राहत-बचाव और यातायात सुचारू कराने में जुटी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

