० किसान तुकाराम साहू : योजनाओं का लाभ, मेहनत की मिसाल
धमतरी, 6 दिसम्बर (आरएनएस)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में नगरी विकासखंड के सहकारी समिति केंद्रों में धान उपार्जन कार्य सुचारू और पारदर्शी तरीके से जारी है। शासन द्वारा किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए गए प्रबंधन का लाभ सीधे किसानों तक पहुँच रहा है। इसी का उदाहरण ग्राम सांखरा के मेहनतकश किसान तुकाराम साहू हैं, जिन्होंने इस वर्ष 56 क्विंटल धान नगरी सहकारी समिति केंद्र में बेचा। तुकाराम साहू बताते हैं कि पिछले वर्ष धान विक्रय से उन्हें प्राप्त हुई राशि ने उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया। उसी आय से उन्होंने अपने परिवार के लिए नया घर बनवाया। वे कहते हैं कि यदि शासन की समयबद्ध खरीदी और भुगतान व्यवस्था न होती, तो घर निर्माण का उनका सपना पूरा करना मुश्किल था। इस वर्ष प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग वे घर के प्लास्टर और शेष फि़निसिंग कार्यों में करने वाले हैं। किसान तुकाराम ने धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनके अनुसार, इस बार सभी सुविधाएँ समय पर उपलब्ध हैं। बारदाना तुरंत मिल रहा है, तुलाई बिना किसी देरी के की जा रही है और स्टाफ द्वारा किसान-हितैषी व्यवहार से माहौल सहज बना हुआ है। वे कहते हैं कि इस वर्ष खरीदी केंद्र में किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, हर काम व्यवस्थित रूप से हो रहा है। नगरी विकासखंड के धान खरीदी केंद्रों में हो रही इस सुचारू व्यवस्था से किसानों में न केवल उत्साह बढ़ा है, बल्कि सरकारी प्रणालियों के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। तुकाराम साहू जैसी सफलताएँ इस बात का प्रमाण हैं कि सही दिशा में किए गए प्रयास ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। शासन की किसान-उन्मुख नीतियाँ और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था किसानों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

