Mp 09 Dec, (Rns) /- मध्य प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसे में 3 लोगों की जान चली गई। जबकि 20 से ज्यादा घायल हुए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्योपुर में पूर्व मंत्री के भांजे ने दम तोड़ दिया। मंडला में बोलेरो और ट्रक की टक्कर से एक की सांस उखड़ गई। बड़वानी में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक काल की गाल में समा गया।
जिले के करहाल थाना क्षेत्र के सिलपुरी गांव के पास भीषण हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल बताया जा रहा है। मृतक की पहचान देवेंद्र रावत के रूप में हुई है। जो रिश्ते में पूर्व मंत्री रामनिवास रावत का भांजा बताया जा रहा है।
अनूपपुर से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही एक कार, स्कूटी को बचाने के चक्कर में खंभे से जा भिड़ी। कार में छह लोग सवार थे। यह सभी दिल्ली से अनूपपुर ट्रेन से आये थे जिसके बाद कार से जा रहे थे। कोतमा हाइवे के पास यह हादसा हुआ।
नैनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। ग्राम समनापुर के पास एक बोलेरो और ट्रक की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
नैनपुर एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि मंडला की ओर से जा रही बोलेरो (क्रमांक MP 22 BA 1322) की नैनपुर की ओर से आ रहे ट्रक (क्रमांक MP 09 GA 5549) से भिड़ंत हुई। बोलेरो में सिवनी जिले के मालनवाड़ा गांव के निवासी सवार थे, जबकि ट्रक में अनाज की बोरियां लदी थीं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, ट्रक क्लीनर घायल हो गया।

