पणजी 10 Dec, (Rns) : गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में गोवा पुलिस ने एक और आरोपी अजय गुप्ता को नई दिल्ली से हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। इससे पहले जब पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची थी, वह वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल किया और मंगलवार को उसे पकड़ लिया।
गौरतलब है कि 7 दिसंबर को गोवा के इस नाइट क्लब में फायर शो के दौरान भयंकर आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए। गोवा पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट रद्द करने के लिए रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को पत्र भेजा है। क्लब के अन्य मालिकों—गुरुग्राम निवासी अजय गुप्ता और ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला—के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था ताकि वे देश से बाहर न जा सकें।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक और नैतिक चूक माना है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस को निर्देश दिए हैं कि राज्य में संचालित सभी अवैध क्लब, बार और मनोरंजन स्थलों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गोवा पर्यटन विभाग ने वागाटोर स्थित लूथरा ब्रदर्स के अवैध बीच शैक ‘रोमियो लेन’ को गिरा दिया। पुलिस एफआईआर के अनुसार, क्लब में फायर शो के दौरान न तो फायर एक्सटिंग्विशर थे और न ही स्प्रिंकलर, इमरजेंसी अलार्म या स्मोक एक्सट्रैक्शन सिस्टम मौजूद था। क्लब शुरू होने से पहले कोई फायर ऑडिट भी नहीं कराया गया था।

