अजमेर ,10 दिसंबर (आरएनएस)। शहर में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में कोटड़ा स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में दिनदहाड़े 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए गए। वारदात सीसीटीवी कैमरों में साफ़ कैद हुई है। गार्ड से बातचीत करते दिखे चोर सीसीटीवी फुटेज में दो युवक अपार्टमेंट परिसर में प्रवेश करते और फ्लैट में घुसने से पहले काफी देर तक गार्ड से बातचीत करते नजर आए। इसके बाद दोनों लिफ्ट से छठी मंजिल पर पहुंचे और डॉक्टर के फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
20 मिनट में पूरी वारदात
अंदर पहुँचकर दोनों बदमाशों ने करीब 20 मिनट तक पूरे फ्लैट को खंगाला और अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए। चोरी के बाद दोनों बिना किसी हड़बड़ी के अपार्टमेंट से बाहर निकल गए।
ड्यूटी से लौटी डॉक्टर को मिली चोरी की सूचना
पीडि़त डॉ. अवंतिका शर्मा, जो आयुर्वेद चिकित्सक हैं, ने बताया कि वह सुबह काम पर गई थीं। दोपहर में जब वे वापस लौटीं, तो फ्लैट का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
फिंगरप्रिंट और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और फिंगरप्रिंट व एफएसएल टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने फ्लैट से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

