प्रयागराज 10 दिसंबर (आरएनएस )। सिविल लाइन्स क्षेत्र में एक कैफे कर्मचारी ने कुछ युवकों पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी और हफ्ता वसूली का आरोप लगाया है। पीडि़त अखिल चौधरी ने सिविल लाइन्स थाने में तहरीर देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सैयदसरांवा, थाना पुरामुफ्ती निवासी अखिल चौधरी पत्रिका चौराहे स्थित वाइब कैफे एंड रेस्टोरेंट में कैप्टन और मॉकटेल वर्कर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर की रात करीब 9 बजे शांतिपुरम् निवासी अनिल पांडे अपने 10-11 साथियों के साथ कैफे पहुंचे। खाना ऑर्डर करने के बाद वे भोजपुरी गाने बजाने की जिद करने लगे। कैफे के नियमों का हवाला देने पर आरोपियों ने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दीं और अखिल की पिटाई की।
तहरीर के अनुसार, अनिल पांडे ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी भी दी।
अखिल चौधरी ने आरोप लगाया कि 6 दिसंबर को आरोपी दोबारा कैफे पहुंचे और गालीगलौज करते हुए हफ्ता मांगने लगे। 7 दिसंबर को भी विवाद जारी रहा और मारपीट के दौरान उनकी चांदी की चेन तथा जेब में रखे 600 रुपये छीन लिए गए।
इस मामले में अनिल पांडे, शिवांश यादव उर्फ छोटू, आकाश प्रताप सिंह, गोलू और सुमित जायसवाल सहित 6-7 अन्य अज्ञात लोगों पर हाथापाई और धमकी देने का आरोप है।
अखिल ने अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी विकास आनंद वर्मा ने कहा, कैफे के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद विवेचना को आगे बढ़ाया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

