सीतापुर 27 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। बिसवां में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं मछरेहटा में एक युवती ने जहर खाकर अपनी जान गंवा दी। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। बिसवां कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित मन्साराम मंदिर के पास सोमवार दोपहर अमरनगर निवासी अंकुश (22) पुत्र संतोष कुमार विश्वकर्मा का शव शमशान घाट में पेड़ से लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे का आदी होने की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। वहीं मछरेहटा थाना क्षेत्र के पूरनपुर गांव में रविवार देर रात साधना (19) ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन उसे सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले गए, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

