– डीजे और खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना खूनी,दुल्हन पक्ष ने किया विवाह से इंकार
सीतापुर 27 अप्रैल (आरएनएस)। सिधौली कोतवाली क्षेत्र के महमूदाबाद मार्ग स्थित टडई कलां के मजरा हैदरगढ़ में आई एक बारात रविवार देर रात खूनी बवाल में बदल गई। मामूली विवाद के बाद नशे में धुत बारातियों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद भगदड़ और अफरा-तफरी के बीच एक कार ने लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में घायल महिला कांती (50) की सोमवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार लखनऊ के त्रिवेणीनगर तृतीय स्थित शिवलोक मोहल्ले से श्याम बिहारी के पुत्र संजय की बारात रामकुमार की पुत्री शिल्पी के यहां आई थी। रात करीब 12 बजे कुछ बारातियों ने खाना ठंडा होने और डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू किया, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। इसी दौरान नशे में धुत चालक राजू ने कार स्टार्ट कर भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। गांव से बाहर निकलने में नाकाम रहने पर वह कार छोड़कर फरार हो गया। हादसे में शोभेलाल (65), कांती (50) और रामनरेश (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। कांती को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। घटना से आक्रोशित दुल्हन के पिता रामकुमार ने शादी से साफ इंकार कर दिया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

