एसआईआर जागरूकता अभियान में पहुंचे प्रभारी अरविन्द सिंह गोप, मतदातओं को किया जगरूक
बाराबंकी 10 दिसंबर (आरएनएस )। नगर पंचायत बेलहरा में समाजवादी पार्टी के चेयरमैन प्रतिनिधि अयाज खान द्वारा आयोजित एसआईआर जागरूकता अभियान में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविन्द कुमार सिंह गोप मौजूद रहे। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद की अध्यक्षता में एसआईआर जागरूकता अभियान के जिला प्रभारी अरविन्द कुमार सिंह गोप ने बताया कि किसी का भी वोट कटने वाला नहीं है। जिन लोगों का निधन हो गया है या दो जगह पर वोट है या फिर अपने स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं, ऐसी स्थिति में ही वोट कटेगा। जिन लोगों का 2003 की वोटर लिस्ट में नाम है या उनके परिवार के सदस्य का नाम है तथा 2025 की लिस्ट में नाम है, उनका नाम नहीं कटेगा। जिन लोगों ने अपनी उम्र 18 वर्ष पूर्ण कर लिया उनका नाम फार्म 6 के जरिए भरेगा और जिन लोगों का नाम 2025 की सूची में नहीं है और उनके पास सारे दस्तावेज मौजूद हैं वह सब वोट बढ़ाए जाएंगे। किसी भी अफवाह से निश्चिंत रहिए। आप बीएलओ से सम्पर्क करके अपना फॉर्म भरकर जमा जरूर करें। अगर आपको फार्म भरने में कोई दिक्कत या परेशानी आती है, नगर पंचायत कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी या बीएलए से संपर्क करें। वह आपकी हर समस्या का समाधान करेंगे। श्री गोप ने बताया कि अभी तक पूरे जनपद में 85 प्रतिशत कार्य को पूरा कर लिया गया है। यह एसआईआर की लड़ाई 2027 का भाग्य लिखेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह का माहौल प्रदेश की सरकार में बना हुआ है, इससे जनता काफी परेशान है। जनता बदलाव चाहती है और 2027 में यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, जिला महासचिव हिमांशु यादव, डॉ कुलदीप सिंह, उ.प्र. कोआपरेटिव बैंक पूर्व चेयरमैन धीरेन्द्र कुमार वर्मा, हशमत अली गुड्डू, सुरेश यादव, नसीम गुड्डू, राहुल यादव, विनय सिंह, संतोष रावत, जमील अंसारी, राशिद अंसारी, शिव प्रकाश वर्मा आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

