अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर दिल्ली पहुंचने की तैयारी में जुटे बेसिक शिक्षक
बाराबंकी 10 दिसंबर (आरएनएस )। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को लेकर दिए गए आदेश के विरोध में जिला प्रशासन, सांसद, विधायक, मंत्रीगण, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ,केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने के बाद संपूर्ण देश के शिक्षक गुरूवार को दिल्ली में जंतर मंतर पर अपना जोरदार प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन कार्यक्रम एवं हस्ताक्षर अभियान के कई माह के लगातार आंदोलन करने के पश्चात शीतकालीन संसद सत्र में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी, आजाद समाज पार्टी सहित विभिन्न दलों के सांसदों ने केंद्र सरकार से सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता रद करने की मांग की है । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद बाराबंकी के जिलाध्यक्ष डॉ राकेश सिंह ने बताया कि जनपद बाराबंकी से सैकड़ो की संख्या में शिक्षक दिल्ली में जंतर मंतर पर उपस्थित होकर अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील पांडे के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन करेंगे और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का लोकतांत्रिक विरोध करते हुए सर्वोच्च न्यायालय एवं केंद्रीय सरकार से मांग करेंगे कि सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता उनके साथ घोर अन्याय है। सेवारत शिक्षकों की तत्कालीन नियुक्ति उनके योग्य और अर्ह होने के बाद ही की गई थी। दशकों की सेवा के पश्चात सेवारत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा को उत्तीर्ण करने के लिए बाध्य किया जाना सेवा शर्तों के नितांत खिलाफ और अन्यायपूर्ण है। जिलाध्यक्ष डॉ राकेश सिंह ने बताया कि जनपदीय मंत्री उमानाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष राजेश कोषाध्यक्ष, प्रांतीय संगठन मंत्री एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र द्विवेदी, संयुक्त मंत्री सुनील त्रिपाठी के नेतृत्व में निजी वाहनों से एवं जिलाध्यक्ष डॉ राकेश सिंह के नेतृत्व में ट्रेन द्वारा सैकड़ो शिक्षक राजधानी दिल्ली पहुंच कर जंतर मंतर पर अपना शान्तिपूर्ण आंदोलन करके केंद्रीय सरकार एवं सर्वोच्च न्यायालय से टेट परीक्षा को उत्तीर्ण किये जाने की अनिवार्यता के निर्णय को वापस लेने के लिए अनुरोध करेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

