लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर हादसा, हिरासत में चालक
बाराबंकी 10 दिसंबर (आरएनएस )के फतेहपुर में बुधवार सुबह लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा में आकर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दोनों पैर टूट गए। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। यह हादसा प्रेमपुर गांव के पास हुआ। लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक गलत दिशा में घुस गई और सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार कल्लू पुत्र स्व. बद्री प्रसाद, निवासी हसुवापारा, थाना बड्डूपुर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्लू के दोनों पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गए। टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल कल्लू को सड़क किनारे से निकालकर प्राथमिक मदद का प्रयास किया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल कल्लू को एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत सीएचसी फतेहपुर भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कल्लू की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

