लखनऊ 10 दिसंबर (आरएनएस )गोरखपुर हाईवे पर हुए हादसे में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला शव
बाराबंकी। बुधवार सुबह एम्बुलेंस की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालाक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी की एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। यह दुर्घटना रामसनेही घाट क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर हुई, जब लखनऊ से गोरखपुर जा रही एक निजी एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसा नारायण रेस्टोरेंट ताला मोड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक चालक की पहचान 40 वर्षीय अमित भारती के रूप में हुई है, जो गोरखपुर के रहने वाले थे और मक्खन लाल के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, अमित भारती लखनऊ में एक मरीज को छोड़कर अपनी एम्बुलेंस से वापस गोरखपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही, कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को एम्बुलेंस में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद, पुलिस ने चालक को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेही घाट पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद अमित भारती को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी ने बताया कि शव का पंचनामा करके उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

