रुड़की,10 दिसंबर (आरएनएस)। रानी धर्म कुंवर राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को मानवाधिकार दिवस मनाया गया। इस मौके पर कॉलेज के शिक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह द्वारा मानव अधिकारों पर लिखी गई पुस्तक मानव अधिकार और महिलाएं का विमोचन भी किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने मानवाधिकार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की दीपक जलाकर शुरुआत की। बताया कि भारत के संविधान ने हमें मौलिक बहुत सारे अधिकार दिये हैं। लेकिन अधिकार पाने के साथ ही हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी करना चाहिए। पुस्तक रचयिता डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि समाज में महिलाएं भी आगे आकर पुरुषों के बराबर काम कर रही हैं। कई क्षेत्र में उनका प्रदर्शन पुरुष से भी बेहतर है। ऐसे में उन्हें हर चीज में समानता का अधिकार देना बहुत जरूरी है। इसी से देश विकसित बनेगा। पुस्तक में इन्हीं पर फोकस किया गया है। इसमें उनके अधिकारों और उनके संरक्षण से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को बारीकी से उकेरा गया है। साथ ही महिलाओं के अधिकारों की संवैधानिक नींव, अंतरराष्ट्रीय घोषणाएं, महिला संबंधी कानून तथा वर्तमान सामाजिक परिदृश्य पर किए गए विश्लेषण से शोधार्थियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को मदद मिलेगी। बाद में पुस्तक का विमोचन किया गया। इसमें डॉ. निवेदिता प्रियदर्शिनी, डॉ. प्रज्ञा राजवंशी, डॉ. धनंजय शर्मा, डॉ. भूपेंद्र, अंकिता, मनमोहन सिंह, अश्वनी कुमार, पूरन चन्द, दीपक सिंह, मूलू सिंह का भी सहयोग रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

