देहरादून,12 दिसंबर (आरएनएस)। महाराणा प्रताप क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित मोनाल कप के सेमीफाइनल मुकाबलों में सचिवालय ए और सचिवालय पैंथर्स ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पहले मुकाबले में सचिवालय डेंजर ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 135 रन बनाए। नूर ने 34 और मनोज बिष्ट ने 29 रन जोड़े। सचिवालय ए की ओर से आशुतोष विमल ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सचिवालय ए ने 17.3 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल की। हरीश सैनी और राहुल जेटली ने 37-37 रन का योगदान दिया। डेंजर की ओर से अमित तोमर ने 2 विकेट लिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशुतोष विमल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सचिवालय वॉरियर्स की टीम 88 रनों पर ऑल आउट हो गई। राजीव तडिय़ाल ने 23 रन बनाए, जबकि पैंथर्स की ओर से जितेंद्र सिंह ने 3 विकेट चटकाए। पैंथर्स ने लक्ष्य 9 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। प्रमोद नेगी ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। रोहन सैनी ने 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच प्रमोद नेगी रहे। अब मोनाल कप का फाइनल मुकाबला रविवार को सचिवालय ए और सचिवालय पैंथर्स के बीच खेला जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

