नईदिल्ली ,12 दिसंबर (आरएनएस)। इंडिगो की उड़ान संकट के बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। उसने इंडिगो की सुरक्षा और परिचालन अनुपालन की निगरानी कर रहे 4 उड़ान संचालन निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। विमान नियामक ने कार्रवाई प्रारंभिक जांच के आधार पर किया, जिसमें एयरलाइन के हालिया परिचालन संकट से संबंधित निगरानी में कमियां पाई गई हैं। डीजीसीए ने निलंबन का कारण नहीं बताया है। निरीक्षकों के पास परिचालन अनुपालन और सुरक्षा निगरानी का काम था।
डीजीसीए के अधिकारियों का कहना है कि ये निरीक्षक इंडिगो के परिचालन संबंधी जांच, सुरक्षा निरीक्षण और अनुपालन प्रक्रियाओं की निगरानी में सीधे तौर पर शामिल थे। संभावना जताई जा रही है कि निगरानी में खामियों के कारण हजारों यात्रियों के फंसे रहने वाला व्यवधान पैदा हुआ। दूसरी तरफ, डीजीसीए की 4 सदस्यों वाली कमेटी शुक्रवार को भी इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स से मिलेगी और बड़े पैमाने पर रद्द हुई उड़ानों पर पूछताछ करेगी।
डीजीसीए ने इंडिगो के संचालन की निगरानी करने के लिए 8 सदस्यीय दल बनाया है, जिन्हें इंडिगो मुख्यालय पर तैनात किया गया है। डीजीसीए के 2 अधिकारी बेड़े की उपलब्धता, 2 पायलटों की संख्या, 2 चालक दल के कार्य घंटे और उपयोग और 2 अधिकारी स्टैंडबाय चालक दल के सदस्यों की तैनाती-तैयारी पर नजर रखेंगे। संसद की परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय समिति ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और इंडिगो के अधिकारियों को 17 नवंबर को तलब किया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

