जौनपुर ,13 दिसंबर (आरएनएस)। यादव महासभा के प्रदेश महासचिव कमलेश यादव के नेतृत्व में चाईनीज माँझा की बिक्री और उपयोग पर कड़ी निगरानी रखने हेतु मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया गया । प्रदेश महासचिव कमलेश यादव ने बताया की चाईनीज माँझा की वजह से कई गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। यह माँझा न केवल पक्षियों और जानवरों के लिए खतरनाक है, बल्कि मानव जीवन के लिए भी एक बहुत बड़ा खतरा बन चुका है। चाईनीज माँझा से होने वाली घटनाओं की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में बहुत वृद्धि हुई है। विशेष रूप से, यह माँझा सड़कों पर गुजर रहे लोगों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है, क्योंकि यह बहुत ही धारदार और मजबूत होता है । कमलेश यादव के द्वारा यह भी कहा गया की अभी हाल में जनपद जौनपुर में संदीप तिवारी नामक चालीस वर्षीय व्यक्ति का माँझा से गला कटने की वजह से तत्काल मृत्यु हो गई । इसी तरह हर साल कोई न कोई जान चाईनीज माँझे से जाती रही है । इसके अतिरिक्त, चाईनीज माँझा को बनाने में उपयोग होने वाले रासायनिक पदार्थ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाते हैं। यह माँझा पूरी तरह से नष्ट नहीं होता, जिससे प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण को लंबे समय तक नुकसान पहुँचता है। ज्ञापन के द्वारा यह माँग किया कि चाईनीज माँझा की बिक्री और उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही, आम जनता को इसके खतरों के बारे में जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाए । राकेश यादव, धर्मेन्द्र यादव, संजय यादव, अखिलेंद्र,प्रेम प्रकाश यादव,अनिल यादव,कन्हैया यादव,पवन कुमार,अनुराग यादव,अमन यादव,सर्वजीत यादव,विनोद यादव आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

