—- बैठक में बाल यौन शोषण पीडि़तों को त्वरित न्याय, संरक्षण एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने पर दिया गया जोर।
कुशीनगर, 30 जून (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित जिला सत्र न्यायालय के एडीआर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भुवन की अध्यक्षता में आयोजित त्रैमासिक बैठक में बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम, पास्को एवं बाल यौन अपराधों से संरक्षण नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी दी गई।
बैठक का उद्देश्य पॉक्सो पीडि़त बच्चों को न्याय, संरक्षण, पुनर्वास एवं समुचित सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा ‘सपोर्ट पर्सनÓ की भूमिका एवं कार्यों की समीक्षा करना रहा। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि पीडि़त बच्चों को जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में मनोवैज्ञानिक, सामाजिक, चिकित्सीय एवं कानूनी सहायता समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी ए.के. दूबे ने पीडि़त बच्चों को मेडिकल व्यय एवं अन्य आवश्यक सहायता के लिए समय पर अंतरिम मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ लक्ष्मण पाठक ने पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत न्यायालय में विचारण की प्रक्रिया का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.डी. कुशवाहा ने पीडि़त बच्चों के समयबद्ध उपचार एवं नियमित काउंसलिंग की व्यवस्था पर प्रकाश डाला। वहीं पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित उप निरीक्षक अच्छेलाल एवं शशांक राय ने पॉक्सो मामलों में विवेचना की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। बैठक के दौरान पॉक्सो अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों, जैसे डीएनए सैंपल के सुरक्षित संरक्षण, पर्याप्त फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सचिव ने सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए पीडि़त बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिया। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, सपोर्ट पर्सन धनंजय मणि त्रिपाठी एवं संदीप कुमार पाण्डेय, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अमित राय, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रीता यादव, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन के अभिषेक कुमार सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के जयलाल सिंह, शालिनी पाण्डेय, अनुराधा सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भी अपना विचार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

