कोण्डागांव, 15 दिसंबर (आरएनएस)। कलेक्टर नूपूर राशि पन्ना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक लिंग आधारित हिंसा समाप्ति हेतु जन जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। अभियान की शुरुआत 25 नवंबर महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस से लेकर 10 दिसंबर मानवाधिकार दिवस तक 16-दिवसीय सक्रियता अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण संबंधी विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलेभर में विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रमों में बाल विवाह रोकथाम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीडऩ, घरेलू हिंसा,, बाल विवाह प्रतिबंध अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता 2023, तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अंतर्गत महिलाओं को प्राप्त विशेष अधिकारों की जानकारी दी गई।इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं वन स्टॉप सेंटर, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब), शक्ति सदन, सखी निवास की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्डलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।अभियान के तहत ग्राम पंचायत टेकापाल, मालाकोट, पलारी, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालाकोट, पुलिस लाइन कोण्डागांव, आंगनबाड़ी केंद्र बाजारपारा, लवलीहुड कॉलेज सहित विभिन्न विकासखंडों, पंचायतों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।लिंग आधारित हिंसा समाप्ति हेतु जागरूकता अभियान के समापन कार्यक्रम में महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन, गुड टच–बैड टच, पोषण आहार, महिला सशक्तिकरण, मोबाइल के दुष्परिणाम, हेल्पलाइन नंबरों और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह रोकथाम हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान गीत, कविता, रंगोली, मेंहदी और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।कार्यक्रम में सहायक परियोजना अधिकारी पुनेश्वर वर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र सोनी, संरक्षण अधिकारी सावित्री कोर्राम, जिला मिशन समन्वयक रीना सिंह, जेंडर विशेषज्ञ माधुरी उसेंडी, परामर्शदाता ममता रॉय एवं अनिल कुमार नायक, केसवर्कर प्रेम कोगरे सहित लवलीहुड कॉलेज के मास्टर ट्रेनर एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

