नोएडा 17 Dec, (Rns): खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को ग्रैप-4 के सख्त पालन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने की। इसमें प्राधिकरण के सभी वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, आईटी कंपनियों, स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन पर जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नोएडा में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करें।
वाहनों से होने वाले प्रदूषण को प्रमुख कारण बताते हुए ई-व्हीकल को बढ़ावा देने, चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने, पुराने और बीएस-VI मानक से नीचे के वाहनों को अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक जाम वाले स्थानों पर सुधार कार्य तेज करने और अनावश्यक जाम से बचाव पर भी जोर दिया गया।
आईटी कंपनियों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों से ग्रैप-3 और ग्रैप-4 की अवधि में वर्क फ्रॉम होम तथा ऑनलाइन/हाइब्रिड मोड अपनाने की अपील की गई, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो। इस दौरान बड़े कार्यक्रमों के आयोजन से भी परहेज करने को कहा गया।
उद्योगों, रेस्टोरेंट्स और स्ट्रीट वेंडर्स से निकलने वाले धुएं पर सख्त नियंत्रण, खुले में कचरा जलाने पर कड़ी कार्रवाई, डीजल जेनरेटर के सीमित उपयोग, सड़कों की मैकेनिकल सफाई और हरित क्षेत्रों के विकास के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण ने नागरिकों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों से भी प्रदूषण नियंत्रण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है, ताकि नोएडा की हवा को साफ और सुरक्षित बनाया जा सके।

