०60 किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की दी गई जानकारी
कोंडागांव,18 दिसंबर (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश में मत्स्य पालन विभाग द्वारा ग्राम केरागांव, विकासखंड बड़े राजपुर में दिनांक 15 से 17 दिसंबर तक तीन दिवसीय तकनीकी उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण राज्य शासन की मंशा के अनुरूप किसानों की आय में वृद्धि एवं आजीविका सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक मत्स्य पालन पद्धतियों, तालाब प्रबंधन, उन्नत बीज उत्पादन, आहार प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण की विस्तृत जानकारी दी गई। राज्य शासन द्वारा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हेतु संचालित योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की गई, जिससे किसान शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को सफल मत्स्य पालक किसानों के प्रक्षेत्र का अवलोकन कराया गया, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ और उन्नत तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा मिली। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से कुल 60 किसान लाभान्वित हुए।कार्यक्रम में जनपद पंचायत बड़े राजपुर के अध्यक्ष मान. सुकमन नेताम, उपाध्यक्ष मान. नारायण नेताम एवं मान. सुषमा तिवारी, कृषि सभापति की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभागीय अधिकारियों में एम. एल. राना, उप संचालक मछली पालन, योगेश कुमार देवांगन, सहायक मत्स्य अधिकारी, अस्मिता सिन्हा, नोमेश्वरी दीवान एवं करण, मत्स्य निरीक्षक (केशकाल) की सक्रिय भूमिका रही।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

