हरिद्वार,19 दिसंबर (आरएनएस)। शादी से इनकार करने पर देवबंद के युवक ने पीडि़ता की अश्लील तस्वीरें वायरल कर डालीं। आरोपी शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। इस मामले में पीडि़ता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह सहारनपुर के देवबंद निवासी अक्षय सिंह के संपर्क मे आई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने इस बातचीत का गलत फायदा उठाकर युवती को मानसिक रूप से प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। जब परिजनों ने युवती की शादी कहीं और तय की तो आरोपी ने धमकाया कि वह उसके अलावा किसी और से शादी नहीं कर सकती। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर कहा कि यदि दूसरी जगह शादी की तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। बात नहीं मानने पर आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कीं, जिससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा। जब इस बाबत आरोपी के परिजनों से बात की तो उन्होंने आरोपी का ही समर्थन किया। इधर, कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

