हरिद्वार,19 दिसंबर (आरएनएस)। यूपी सिंचाई विभाग की भूमि पर लंबे समय से काबिज अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बहादराबाद क्षेत्र में छोटी नहर की पटरी से अवैध कब्जे हटाए। शुक्रवार को नहर पटरी पर बने अवैध ढांचे, खोखे, छज्जे और फर्श को जेसीबी के जरिये ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने दो टूक कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिंचाई विभाग के अफसरों के अनुसार, अतिक्रमण हटने से नहर की सफाई और जल प्रवाह बेहतर हो सकेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बहादराबाद थाना पुलिस और पीएसी के जवान भी मौके पर तैनात दिखे। इस दौरान यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण, डीआरडीओ मनेश शर्मा, जिलेदार दिनेश कुमार, थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, उप निरीक्षक नितिन बिष्ट और जगमोहन मौजूद रहे। नहर की सफाई और मरम्मत हो रही थी प्रभावित अफसरों के अनुसार, छोटी नहर की पटरी पर बढ़ते अवैध निर्माण से न केवल नहर के रखरखाव और जल प्रवाह में बाधा आ रही थी, बल्कि जाम की स्थिति भी बन रही थी। दुकानों के बाहर खड़े वाहनों के कारण आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा था। इस बाबत यूपी सिंचाई विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अतिक्रमण के चलते नहर की सफाई और मरम्मत प्रभावित हो रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

