डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश
बाराबंकी 19 दिसंबर (आरएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विधानसभा बाराबंकी क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रल अकादमी विद्यालय के बूथ संख्या 236, 237, 238 एवं 239 तथा प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन की भाग संख्या 266, 267, 268 व 269 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का स्थलीय सत्यापन किया। जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर अभियान के प्रथम चरण में अब केवल कुछ दिन शेष हैं तथा यह चरण आगामी 26 दिसंबर तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने सभी सुपरवाइजर एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि वे एक बार पुन: अपने-अपने क्षेत्रों में शेष रह गए व्यक्तियों से संपर्क कर अधिकाधिक मैपिंग सुनिश्चित करें। जिससे कि द्वितीय चरण में कम मेहनत करनी पड़े। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएलओ को अपने क्षेत्रों की एएसडी सूची का पुन: सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मृतक, शिफ्टेड व अनुपस्थित मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर समयबद्ध रूप से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का मूल उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित बनाना है, जिससे कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। निरीक्षण के समय एडीएम निरंकार सिंह, एसडीएम नवाबगंज आनंद तिवारी, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह सहित संबंधित सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।
बाक्स
डीएम ने किया वेयर हाउस का निरीक्षण
बाराबंकी। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सोमवार ईवीएम एवं वीवी पैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम, वीवीपैट स्ट्रांगरूम और सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। ईवीएम एवं वीवी पैट वेयरहाउस के निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शेष बचे मतदाताओं के गणना पत्रक भरवाने एवं मैपिंग कार्य में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी दल अपने-अपने स्तर से मतदाताओं को जागरूक कर बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने एवं समय से मैपिंग पूर्ण कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। इस दौरान विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधि के रुप में अजीत वर्मा, राजेंद्र वर्मा, हिमांशु यादव, विनय प्रकाश वर्मा, मोहित राजदान, आसिफ खान, सुरेश चंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

