रायपुर, 20 दिसंबर (आरएनएस)। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ को डर के माहौल में रखा गया था, ऐसे में उन्हीं लोगों द्वारा सवाल उठाना उचित नहीं है। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में नशे और नक्सलवाद के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। यदि कोई घटना होती है तो उस पर तुरंत कदम उठाए जा रहे हैं और अपराधी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे छोड़ा नहीं जा रहा।
मीडिया से बातचीत में अरुण साव ने बताया कि वे भोपाल रवाना हो रहे हैं, जहां शहरी आवास से जुड़ी भारत सरकार की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में चार राज्यों के शहरी आवास मंत्रियों के साथ केंद्र सरकार की संशोधित योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
नया रायपुर को तहसील बनाने के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है और आम जनता से दावा-आपत्तियां भी आमंत्रित की गई हैं।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में छत्तीसगढ़ की भूमिका को लेकर अरुण साव ने कहा कि पार्टी का संविधान स्पष्ट प्रक्रिया तय करता है। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य ही मतदाता होते हैं और पूरी चुनावी प्रक्रिया विधिवत एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न की जाती है।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

