-सिंचाई के अभाव में किसानों की फसल सूखने की कगार पर
सोहावल-अयोध्या,20 दिसंबर (आरएनएस)। शारदा सहायक नहर से जुड़े साइफन को लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के दौरान बंद कर दिए जाने से नहर के किनारे खेती करने वाले सैकड़ों किसानों की लगभग 500 बीघा की फसल दाँव पर लग गई है। सिंचाई के अभाव में सूखने के आसार बढ़ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं सहित कई किसानों ने शनिवार को तहसील में एडीएम प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई है। भाकियू नेता फरीद अहमद के साथ किसानों ने आरोप लगाया कि सुचित्तागंज बाजार से मसौधा तक बनाई गई पक्की सड़क के दौरान लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने नहर के किनारे बने साइफन और कुलाबों को बंद कर दिया। नहर से पानी किसानों के खेतों में नहीं जा पा रहा है। बोई गई लगभग 500 बीघा गेहूं की फसल की पहली सिंचाई लेट हो रही है। किसानों द्वारा इसे खोले जाने का प्रयास करने पर विभाग के कर्मी प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी देते हैं। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले को त्वरित निस्तारण के लिए विभाग को सौंप दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

