प्रयागराज,20 दिसंबर (आरएनएस)। शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करते हुए दांदुपुर की रहने वाली महविश बानो ने शिक्षा शास्त्र विषय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वह अपने क्षेत्र में शिक्षा शास्त्र से पीएचडी करने वाली पहली बालिका बन गई हैं।
महविश ने इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के संगठक यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज से यह उपाधि हासिल की है। उन्होंने शिक्षा शास्त्र विषय में नेट और जेआरएफ परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। इससे पहले स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर भी उन्होंने ईसीसी में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
महविश के शोध कार्य का विषय सामान्य विद्यालयों एवं मदरसों के विद्यालयीय वातावरण का विद्यार्थियों के मूल्य एवं आधुनिकीकरण के प्रति अभिवृत्ति पर प्रभाव रहा। यह शोध कार्य ईसीसी के शिक्षा शास्त्र के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विद्यापति के निर्देशन में पूरा किया गया। शोध प्रबंध का मूल्यांकन लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के डीन प्रो. दिनेश कुमार ने किया।
महविश की इस उपलब्धि पर शिक्षक पिता मुस्ते हसन ने इसे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है। वहीं मां हुस्न बानो ने भी बेटी को इस सफलता पर बधाई दी है।
इस अवसर पर शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. धनंजय यादव, प्रो. विद्यापति, डॉ. सरोज यादव, डॉ. रुचि दुबे, डॉ. जेपी सहाय, डॉ. अश्वनी समेत कई लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

