ऋषिकेश,21 दिसंबर (आरएनएस)। दो दिन तक घने कोहरे के बाद रविवार को स्थानीय लोगों को सूर्यदेव के दर्शन हुए। चटक धूप खिलने से बाजार में भी खासी चहल-पहल रही। लोग गर्म कपड़े और जरूरी सामान की खरीदारी के लिए जुटे। इससे व्यापारियों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखी। रविवार सुबह दस बजे तक आसमान में कोहरे से जरूर ढका रहा है, लेकिन इसके बाद एकाएक धूप की किरणे धरती तक पहुंची, तो लोगों को सुकून महसूस हुआ। दो दिन से कोहरे की वजह से हो रही मुश्किल से लोगों को राहत मिली। बाजार में भी सुबह से लेकर शाम तक रौनक बनी रही। खरीदारी से त्रिवेणीघाट रोड, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड, रेलवे रोड, दूनमार्ग और तिलक रोड पर लोगों की भीड़भाड़ नजर आई, जिससे शहर की सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ा रहा। वहीं, पर्यटक स्थलों पर भी चहल-पहल रही। मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम में जानकी सेतु और रामझूला पुल यात्रियों व पर्यटकों से पैक दिखा। मौसम खुलने से ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र के गंगाघाटों पर भी स्नान के लिए श्रद्धालु भी काफी संख्या में दिखे। मालूम हो कि रविवार को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राज्य मौसम विभाग के निदेशक आरएस तोमर के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ में इसी तरह के फेरबदल की संभावना बनी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

