लखनऊ 22 दिसंबर (आरएनएस )। नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा संचालित तृतीय बैच के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ, जिसमें कुल 90 वार्डेन को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर आयोजित समापन समारोह में पुलिस उपायुक्त, पश्चिमी जोन, लखनऊ विश्वजीत श्रीवास्तव (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों तथा पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन के लिए एक मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त वार्डेन से अपेक्षा व्यक्त की कि वे इस प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ करेंगे तथा आवश्यकता पडऩे पर अनुशासन और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, जिसको देखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में साइबर क्राइम से संबंधित विशेष सत्र शामिल किया गया है और आने वाले बैचों में भी इसे जारी रखा जाएगा। उन्होंने वार्डेन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु की संख्या चिंताजनक है और यदि वार्डेन प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, तो प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने वार्डेन को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा एवं आपात स्थितियों के प्रति जागरूक करना और संकट के समय प्रशासन को सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया और प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी वार्डेन को शुभकामनाएं दीं।समापन समारोह में नागरिक सुरक्षा संगठन के स्टाफ ऑफिसर ऋतु राज रस्तोगी, डबल्यू सुनील शुक्ला, नफीस अहमद, डीडी डबल्यू राम गोपाल, इमरान संतोष, एडीसी मनोज कुमार वर्मा, ऋषि कुमार, ममता रानी, रेखा, मुकेश सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

