लखनऊ 22 दिसंबर (आरएनएस )। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना पारा क्षेत्र के पिंक बूथ संख्या-25 की टीम ने हंसखेड़ा मोड़, पुराना पारा में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों को साइबर धोखाधड़ी, महिला अपराधों से बचाव तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में जनपद लखनऊ के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी और महिला कर्मी महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तैनात हैं। इसी व्यवस्था के तहत थाना पारा की पिंक बूथ टीम द्वारा चलाया गया यह अभियान समाज में सुरक्षा और विश्वास का संदेश देता नजर आया।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला कांस्टेबल पूजा सरोज ने लगभग 20 से 25 महिलाओं और बच्चों से संवाद कर उन्हें महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, साइबर फ्रॉड के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सीईआईआर पोर्टल, यूपी कॉप ऐप और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया, जिससे आम नागरिक जरूरत पडऩे पर इन सुविधाओं का सही उपयोग कर सकें।कार्यक्रम में 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एम्बुलेंस, 1098 चाइल्डलाइन और 1076 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीडऩ या साइबर अपराध की स्थिति में बिना भय के तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर जागरूकता फैलाना, उनमें आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति सजगता पैदा करना, छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति और साइबर अपराधों की जानकारी देना तथा ग्रामीण महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। साथ ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।मिशन शक्ति 5.0 के तहत थाना पारा पुलिस का यह प्रयास महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के व्यापक लक्ष्य को मजबूती प्रदान करता है। पिंक बूथ के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर महिलाओं को न केवल जरूरी जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें यह भरोसा भी दिलाया गया कि संकट की हर घड़ी में पुलिस उनके साथ खड़ी है। ऐसे अभियान एक सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

